वी क्लब ऑफ दून का पद स्थापना समारोह धूमधाम से संपन्न
तीजोत्सव और जन्माष्टमी की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां, तीन वरिष्ठ शिक्षिकाएं सम्मानित देहरादून। होटल सिटी स्टार के कॉन्फ्रेंस हॉल
तीजोत्सव और जन्माष्टमी की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां, तीन वरिष्ठ शिक्षिकाएं सम्मानित
देहरादून। होटल सिटी स्टार के कॉन्फ्रेंस हॉल में वी क्लब ऑफ दून का पद स्थापना समारोह, तीजोत्सव, जन्माष्टमी एवं शिक्षक दिवस सम्मान समारोह उत्साह और गरिमापूर्ण माहौल में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में क्लब की सदस्यों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समारोह को यादगार बना दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ क्लब की चार्टर अध्यक्ष डॉ. रमा गोयल, नवनिर्वाचित पदाधिकारियों की टीम एवं मुख्य अतिथि द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके बाद ध्वज वंदना हुई। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत गणेश वंदना एवं गणेश स्तुति पर आधारित मनमोहक नृत्य प्रस्तुति से हुई।

समारोह के दौरान चार्टर अध्यक्ष डॉ. रमा गोयल ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष सिंधु गुप्ता, सचिव अनामिका चौधरी एवं कोषाध्यक्ष अंजू अग्रवाल को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके पश्चात पिन एक्सचेंज कार्यक्रम भी आयोजित किया गया।
क्लब में शामिल हुए पांच नए सदस्यों का स्वागत कर उन्हें सदस्यता की शपथ दिलाई गई। नवनिर्वाचित अध्यक्ष सिंधु गुप्ता ने अपने कार्यकाल की कार्ययोजना और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए क्लब की गतिविधियों को और व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता जताई।
चार्टर अध्यक्ष डॉ. रमा गोयल ने नई टीम को शुभकामनाएं देते हुए सभी सदस्यों से एकजुटता, समर्पण और सक्रिय सहभागिता के साथ क्लब की सामाजिक एवं रचनात्मक गतिविधियों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
तीजोत्सव के दौरान तीज के महत्व पर आधारित प्रस्तुतियों के साथ कजरी गीतों की शानदार प्रस्तुति हुई। वहीं जन्माष्टमी समारोह में आकर्षक चंदोल सजाया गया। राधा-कृष्ण की मनमोहक नृत्य प्रस्तुति ने उपस्थित दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
शिक्षक दिवस के अवसर पर शिक्षा के क्षेत्र में लगभग 40 वर्षों तक उल्लेखनीय योगदान देने वाली तीन वरिष्ठ शिक्षिकाओं को सम्मानित किया गया। उन्हें पौधे एवं उपहार भेंट कर उनके लंबे एवं समर्पित शैक्षिक योगदान के प्रति सम्मान व्यक्त किया गया।
समारोह का समापन उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। कार्यक्रम की सफलता में क्लब की सभी सदस्यों के सहयोग और सक्रिय सहभागिता की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
What's Your Reaction?