पूर्व मेयर गामा बोले- मेरा बच्चा नालायक, किसी के हाथों में खेल रहा

Rajkumar Dhiman, Dehradun: नगर निगम की दुकानें आवंटित कराने के नाम पर 23 लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी के मामले में पूर्व महापौर सुनील उनियाल गामा का अपने ही बेटे शाश्वत उनियाल को लेकर दिया गया बयान चर्चा में है। बेटे पर लगे आरोपों के बीच गामा ने उसे न केवल गुमराह बताया, बल्कि यहां … The post पूर्व मेयर गामा बोले- मेरा बच्चा नालायक, किसी के हाथों में खेल रहा appeared first on Round The Watch.

Nov 18, 2026 - 18:37
 162  11k
पूर्व मेयर गामा बोले- मेरा बच्चा नालायक, किसी के हाथों में खेल रहा

Rajkumar Dhiman, Dehradun: नगर निगम की दुकानें आवंटित कराने के नाम पर 23 लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी के मामले में पूर्व महापौर सुनील उनियाल गामा का अपने ही बेटे शाश्वत उनियाल को लेकर दिया गया बयान चर्चा में है। बेटे पर लगे आरोपों के बीच गामा ने उसे न केवल गुमराह बताया, बल्कि यहां तक कह दिया कि मां-बाप के दो बच्चे होते हैं, एक नालायक निकल जाता है।

उन्होंने आरोप लगाया कि उनका बेटा किसी के हाथों में खेल रहा है और उनके खिलाफ राजनीतिक षड्यंत्र के तहत इस मामले को तूल दिया जा रहा है। उधर, शिकायतकर्ता ने पूर्व मेयर, उनके बेटे और नगर निगम कर्मचारी पर दुकान आवंटन के नाम पर लाखों रुपये लेने, रकम वापस न करने और विरोध करने पर धमकाने के गंभीर आरोप लगाए हैं। बुधवार को पुलिस ने पूर्व मेयर और उनके बेटे से पूछताछ की। एसएसपी प्रमेन्द्र डोभाल ने मामले की जांच सीओ सिटी को सौंपी है।

2019 में 45 लाख रुपये में तय हुआ था तीन दुकानों का सौदा
डालनवाला (राजपुर रोड) निवासी विजय राज चौहान ने तीन नवंबर को एसएसपी, कोतवाली पुलिस और नगर आयुक्त को शिकायत दी। उनका आरोप है कि वर्ष 2019 में पूर्व परिचित और पड़ोसी होने के कारण शाश्वत उनियाल ने उनसे संपर्क किया। राजपुर रोड और मसूरी रोड के आसपास नगर निगम की तीन स्थायी दुकानें दिलाने का भरोसा दिया गया। इसके लिए 45 लाख रुपये में सौदा तय हुआ और अलग-अलग किस्तों में रकम ली गई। बाद में तत्कालीन महापौर पर अन्य विवादों के आरोप सामने आने के बाद दुकान आवंटन का मामला टलता रहा।

नगर निगम कर्मचारी से मिलवाकर भी ली गई रकम, रसीद नहीं दी
शिकायत के मुताबिक, वर्ष 2023 में शाश्वत ने खाला गांव स्थित मैगी प्वाइंट और कुठाल गेट पर चिह्नित दुकानों का आवंटन कराने का दोबारा भरोसा दिया। इसके लिए शिकायतकर्ता से जरूरी दस्तावेज लिए गए और नगर निगम कर्मचारी दिनेश खन्ना से मुलाकात कराई गई। आरोप है कि शुल्क और सुरक्षा राशि के नाम पर रकम जमा कराई गई, लेकिन किसी भी भुगतान की पक्की रसीद नहीं दी गई। इस दौरान गामा, शाश्वत और निगम कर्मचारी के बीच लगातार बातचीत होती रही। इसके बावजूद शिकायतकर्ता को न दुकान मिली और न ही आवंटन से संबंधित कोई ठोस दस्तावेज।

आवंटन सूची में नाम दिखाकर टालते रहे, चेक बाउंस होने पर मांगा कैश
विजय राज चौहान का आरोप है कि वर्ष 2025 में जब उन्होंने रकम वापस मांगी या दुकानों की पक्की रसीद देने को कहा तो उन्हें नगर निगम की आवंटन सूची में नाम दिखाकर इंतजार करने को कहा जाता रहा। बाद में पूर्व मेयर के पूर्व निजी सचिव का वीडियो वायरल होने के बाद मामला सामने आने की आशंका के बीच समझौते की बात हुई। एक दुकान का सौदा निरस्त कर आधी रकम लौटाने पर सहमति बनी। कुछ भुगतान के बाद गामा की ओर से अर्बन कोऑपरेटिव बैंक के चेक दिए गए, जो बाउंस हो गए। शिकायतकर्ता के अनुसार, बैंक के दिवालिया होने का हवाला देकर चेक वापस ले लिए गए और नकद भुगतान का आश्वासन दिया गया। उनका दावा है कि अब भी 23 लाख रुपये वापस नहीं मिले हैं।

रकम मांगने पहुंचे तो घर में तोड़फोड़ और धमकी का आरोप
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि बकाया रकम मांगने पर शाश्वत उनियाल अपनी मां के साथ उनके घर पहुंचे। इस दौरान विरोध करने पर घर में तोड़फोड़ की गई और परिवार को जान से मारने तथा झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी दी गई। शाश्वत पर मोबाइल और सोशल मीडिया के माध्यम से शिकायतकर्ता को ब्लॉक करने का भी आरोप है। पीड़ित का कहना है कि उसका घर पूर्व मेयर के आवास से कुछ ही कदम की दूरी पर है। इस वजह से परिवार भयभीत है।

आरटीआइ में दुकानों के आवंटन को लेकर उठे सवाल
शिकायतकर्ता ने सूचना का अधिकार (आरटीआइ) के तहत नगर निगम से दस्तावेज प्राप्त किए। उसके अनुसार, जिन दुकानों को स्थायी बताकर 45 लाख रुपये में सौदा किया गया था, वे निगम के रिकॉर्ड में अस्थायी थीं। ये दुकानें मैगी प्वाइंट से हटाए गए प्रभावित दुकानदारों को निश्शुल्क या मामूली शुल्क पर आवंटित की जानी थीं। आरोप है कि आवंटन सूची में पूर्व मेयर के पारिवारिक रिश्तेदारों के नाम भी शामिल किए गए। इसके अलावा दुकानों के आसपास पुस्ता, आरसीसी वाल और सड़क निर्माण पर महापौर निधि से लाखों रुपये खर्च किए गए, लेकिन ये निर्माण अब जर्जर हालत में हैं।

शिकायतकर्ता ने पूर्व मेयर, उनके बेटे और निगम कर्मचारी दिनेश खन्ना के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी, विश्वासघात और धमकी के आरोप में प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है। साथ ही जांच पूरी होने तक दिनेश खन्ना को निलंबित करने और मैगी प्वाइंट पर हुए दुकान आवंटन निरस्त करने की मांग नगर आयुक्त से की है।

बेटे को नालायक बताने के पीछे गामा ने गिनाए ये कारण
आरोपों पर सफाई देते हुए सुनील उनियाल गामा ने कहा कि दुकानें नगर निगम की ओर से आवंटित की गई थीं। ऐसे में इस संबंध में निगम से जानकारी ली जानी चाहिए। बेटे शाश्वत को लेकर उन्होंने कहा, “बच्चे मां-बाप के दो होते हैं, एक नालायक निकल जाता है। वह हमारा ही बच्चा है, हमारे साथ काम करता था। आज वह इस तरह की बातें कर रहा है। बच्चा गुमराह हो रहा है और मुझे लगता है कि वह किसी के हाथों में खेल रहा है।”

गामा के इस बयान का संदर्भ बेटे पर लगे आरोपों और उनके बीच उठे विवाद से जुड़ा है। उन्होंने बेटे के इस पूरे मामले में शामिल होने को लेकर सीधे तौर पर उसे गुमराह बताया और आशंका जताई कि कोई अन्य व्यक्ति उसके जरिए उन्हें निशाना बना रहा है। उन्होंने इसे चुनावी साल में उनके खिलाफ राजनीतिक षड्यंत्र करार दिया। गामा इन दिनों भाजपा से मसूरी विधानसभा सीट पर टिकट की दावेदारी की कोशिश में भी जुटे हैं।

शिकायतकर्ता की आर्थिक हैसियत पर भी उठाए सवाल
पूर्व मेयर ने शिकायतकर्ता की आर्थिक स्थिति पर सवाल उठाते हुए कहा कि वह उसके खिलाफ भी जांच कराएंगे। उन्होंने कहा, “इसके पास इतना पैसा कहां से आया? जो आठ-दस हजार रुपये का कर्मचारी है, अगर वह ऐसी बातें कर रहा है तो यह भी जांच का विषय है।” गामा ने कहा कि राजनीतिक लोगों के खिलाफ इस तरह के षड्यंत्र होते रहते हैं। जांच में दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा। आरोपों से छवि खराब होने और पार्टी टिकट पर असर पड़ने के सवाल पर उन्होंने कहा कि समय आने पर कार्रवाई करेंगे।

फिलहाल एसएसपी के निर्देश पर सीओ सिटी दोनों पक्षों के बयान और उपलब्ध दस्तावेजों की जांच कर रहे हैं। शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि होना बाकी है। पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

The post पूर्व मेयर गामा बोले- मेरा बच्चा नालायक, किसी के हाथों में खेल रहा appeared first on Round The Watch.

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow