उद्यमिता के माध्यम से सशक्तिकरण-महिलाओं के स्वरोजगार एवं उद्यम विकास की नई पहल का देहरादून में शुभारंभ

देहरादून महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने तथा स्वरोजगार एवं उद्यमिता के नए अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आज देहरादून में ‘उद्यमिता के माध्यम से सशक्तिकरण’ परियोजना का…

Nov 25, 2026 - 00:37
 105  35.2k
उद्यमिता के माध्यम से सशक्तिकरण-महिलाओं के स्वरोजगार एवं उद्यम विकास की नई पहल का देहरादून में शुभारंभ

देहरादून

महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने तथा स्वरोजगार एवं उद्यमिता के नए अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आज देहरादून में ‘उद्यमिता के माध्यम से सशक्तिकरण’ परियोजना का शुभारंभ किया गया।

यह पहल भारत सरकार के नीति आयोग के अंतर्गत संचालित अटल कम्युनिटी इनोवेशन सेंटर (ACIC) एवं उत्तरांचल विश्वविद्यालय फाउंडेशन के सहयोग से सोसाइटी फॉर इन्क्लूसिव डेवलपमेंट (SFID), देहरादून द्वारा प्रारंभ की गई है।

परियोजना के अंतर्गत आयोजित प्रथम अभिमुखीकरण एवं परिचयात्मक प्रशिक्षण कार्यक्रम में 30 से अधिक महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने विभिन्न उद्यम गतिविधियों से जुड़कर अपने स्वयं के व्यवसाय स्थापित करने तथा आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने में गहरी रुचि दिखाई।

कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए श्री हिमांशु तिवारी, प्रबंधक, ACIC/UUF ने परियोजना के उद्देश्यों एवं कार्ययोजना की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उत्तरांचल विश्वविद्यालय फाउंडेशन, ACIC के माध्यम से उत्तराखंड में नवाचार, उद्यमिता एवं सामुदायिक विकास को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न गैर-सरकारी संगठनों (NGO Partners) के साथ मिलकर कार्य कर रहा है।

कार्यक्रम में महिलाओं को तीन प्रमुख उद्यम गतिविधियों प्रोजेक्ट कटान (पुराने कपड़ों के पुनः उपयोग एवं अपसाइक्लिंग), क्रोशिया (हस्तशिल्प एवं बुनाई) तथा माइक्रोग्रीन्स (पौष्टिक सूक्ष्म हरित पौधों का उत्पादन) के संबंध में प्रारंभिक प्रशिक्षण एवं व्यावहारिक जानकारी दी गई।

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन अनीता पसरीचा ने किया, जो देहरादून एवं सहारनपुर में इन गतिविधियों के माध्यम से अनेक महिलाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध करा रही हैं। उन्होंने प्रतिभागियों को उत्पादन प्रक्रिया, बाजार की संभावनाओं तथा इन गतिविधियों को छोटे एवं टिकाऊ उद्यमों के रूप में विकसित करने के व्यावहारिक पहलुओं से परिचित कराया।

इसके अतिरिक्त, डिजिटल एवं वित्तीय साक्षरता पर एक विशेष सत्र आयोजित किया गया, जिसका संचालन शुभांग, समन्वयक, SFID ने किया। इसमें महिलाओं को डिजिटल माध्यमों एवं सोशल मीडिया के उपयोग से अपने उत्पादों का प्रचार-प्रसार करने, संभावित ग्राहकों तक पहुंच बनाने तथा अपने व्यवसाय के संचालन में डिजिटल तकनीक का प्रभावी उपयोग करने की जानकारी दी गई।

परियोजना के मुख्य समन्वयक एवं SFID के प्रमुख डॉ. अनिल जग्गी ने बताया कि इन तीनों गतिविधियों के लिए महिलाओं के अलग-अलग समूह गठित किए जाएंगे। प्रत्येक समूह को प्रशिक्षण, निरंतर मार्गदर्शन, मेंटरिंग एवं उद्यम विकास के लिए आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाएगा, ताकि वे अपने कौशल एवं विचारों को व्यवहारिक और टिकाऊ व्यवसायों में परिवर्तित कर सकें।

उन्होंने आगे बताया कि परियोजना के माध्यम से महिलाओं को बैंकों एवं अन्य वित्तीय संस्थानों से ऋण एवं वित्तीय सहायता प्राप्त करने के लिए आवश्यक संपर्क एवं सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही, कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के अंतर्गत भी संभावित सहयोग एवं वित्तीय संसाधन जुटाने के प्रयास किए जाएंगे।

उत्तरांचल विश्वविद्यालय ने भी ACIC के अंतर्गत उपलब्ध अपने इन्क्यूबेशन सेंटर एवं सुविधाओं का लाभ इन महिला प्रतिभागियों को उपलब्ध कराने की पेशकश की है। इससे महिलाओं को अपने उद्यम विचारों को विकसित करने, व्यवसाय मॉडल तैयार करने तथा विशेषज्ञों से मार्गदर्शन प्राप्त करने के लिए संस्थागत सहयोग मिल सकेगा।

यह पहल जमीनी स्तर पर महिला उद्यमिता को प्रोत्साहित करने, महिलाओं की आर्थिक भागीदारी बढ़ाने तथा कौशल, नवाचार और संस्थागत सहयोग के माध्यम से स्थायी आजीविका के अवसर सृजित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow