अमित शाह बोले-अटल ने बनाया, मोदी ने संवारा
Rajkumar Dhiman, Dehradun: उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य पर आयोजित राज्योत्सव में पहुंचे के केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने देवभूमि उत्तराखंड की महत्ता को खासा रेखांकित किया। उन्होंने कहा कहा कि उत्तराखंड की देवभूमि में चारधाम, हेमकुंड साहिब और कुंभ का प्रमुख केंद्र हरिद्वार स्थित है। गुजरात से उत्तराखंड आने पर उन्होंने कहा … The post अमित शाह बोले-अटल ने बनाया, मोदी ने संवारा appeared first on Round The Watch.
Rajkumar Dhiman, Dehradun: उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य पर आयोजित राज्योत्सव में पहुंचे के केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने देवभूमि उत्तराखंड की महत्ता को खासा रेखांकित किया। उन्होंने कहा कहा कि उत्तराखंड की देवभूमि में चारधाम, हेमकुंड साहिब और कुंभ का प्रमुख केंद्र हरिद्वार स्थित है। गुजरात से उत्तराखंड आने पर उन्होंने कहा कि उनकी दृढ़ मान्यता है कि चारधाम की यात्रा के बिना मोक्ष का द्वार नहीं खुलता।
देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित राज्योत्सव को संबोधित करते हुए गृह मंत्री ने उत्तराखंड राज्य निर्माण के आंदोलन और उसमें बलिदान देने वालों को नमन करते हुए पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को याद किया। उन्होंने कहा कि अलग राज्य की मांग को लेकर पर्वतीय क्षेत्र के लोगों ने लंबा संघर्ष किया। उस समय समाजवादी पार्टी की सरकार में आंदोलनकारियों पर अत्याचार हुए, लेकिन अटल बिहारी वाजपेयी ने पर्वतीय क्षेत्र के लोगों की इच्छा का सम्मान करते हुए उत्तराखंड राज्य का गठन किया। उन्होंने कहा, अटल ने उत्तराखंड बनाया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे संवारा है।
शाह ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण का पहला पड़ाव उत्तराखंड को विकसित बनाना है। प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने पिछले दस वर्षों में त्रिवेंद्र सिंह रावत और पुष्कर सिंह धामी के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए दावा किया कि राज्य के सकल घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी) में 50 प्रतिशत और प्रति व्यक्ति आय में 40 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। उन्होंने प्रदेश में निवेश और उद्योगों की प्रगति का भी उल्लेख किया।
यूसीसी, नकल विरोधी कानून और रोजगार का किया जिक्र
अमित शाह ने कहा कि उत्तराखंड देश का पहला राज्य है, जिसने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू कर इसे धरातल पर उतारा। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या किसी को चार शादियां करने और तीन तलाक की व्यवस्था जारी रहने की अनुमति होनी चाहिए? उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में अब ऐसी व्यवस्था नहीं चलेगी। भाजपा शासित अन्य राज्यों में भी यूसीसी लागू करने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे।
उन्होंने धामी सरकार के नकल विरोधी कानून की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश में युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले नकल माफिया पर कार्रवाई हुई है। सरकार ने 35 हजार युवाओं को रोजगार देने का काम किया है। उन्होंने सख्त मतांतरण कानून, ऑल वेदर रोड और सीमावर्ती क्षेत्रों तक सड़क पहुंचाने को भी सरकार की उपलब्धियों में गिनाया।
कांग्रेस पर हमला बोलते हुए शाह ने कहा कि हरीश रावत के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में ऐसे काम नहीं हुए, जिन्हें उपलब्धि के रूप में याद किया जा सके। उन्होंने जनता से सवाल किया कि उसे विकास करने वाली भाजपा सरकार चाहिए या भ्रष्टाचार करने वाली कांग्रेस सरकार। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अपने शासनकाल में अनेक घोटाले किए, जबकि भाजपा सरकार ने एक-एक पाई विकास कार्यों में लगाने का प्रयास किया।
कांग्रेस की वोट बचाओ यात्रा पर भी निशाना
अमित शाह ने कांग्रेस की एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) के विरोध में निकाली जा रही वोट बचाओ यात्रा पर निशाना साधते हुए इसे घुसपैठियों को बचाने की यात्रा बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस तुष्टीकरण की राजनीति छोड़ने को तैयार नहीं है। उन्होंने राजनीतिक दलों पर युवाओं को गुमराह करने का आरोप भी लगाया।
उन्होंने कहा कि देश की सीमाओं को सुरक्षित करने के लिए मजबूत सड़कें बनाई गई हैं। सीमाओं पर घुसपैठ की कोशिश करने वालों को ऑपरेशन सिंदूर और सर्जिकल स्ट्राइक के माध्यम से जवाब दिया गया। शाह ने कहा कि भाजपा कई राज्यों में लगातार तीसरी बार सरकार बना चुकी है और उत्तराखंड में भी इस बार हैट्रिक लगाएगी। उन्होंने प्रदेश में 65 से अधिक सीटें जीतने का लक्ष्य रखते हुए कार्यकर्ताओं से सबसे अधिक सीटों के साथ भाजपा सरकार बनाने का आह्वान किया।
शाह ने उत्तराखंड को देश की सांस्कृतिक राजधानी बनाने की भाजपा की सोच का उल्लेख किया। साथ ही कहा कि प्रदेश में अवैध अतिक्रमण नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से विजय का संकल्प लेकर आगामी चुनाव की तैयारी में जुटने की अपील की। इसके साथ ही उनका संबोधन समाप्त हुआ।
सीएम धामी बोले- राजनीतिक स्वार्थ के लिए युवाओं को गुमराह कर रहा विपक्ष
इससे पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने संबोधन में प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का उत्तराखंड की जनता की ओर से स्वागत किया। उन्होंने कहा कि राज्य स्थापना दिवस से पहले गृह मंत्री का मार्गदर्शन मिलना प्रदेश के लिए गौरव की बात है। उन्होंने उत्तराखंड पुलिस को राष्ट्रपति पुलिस कलर मिलने पर भी शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में देश में आतंकवाद, अलगाववाद और नक्सलवाद के खिलाफ ठोस निर्णय लिए गए हैं। डबल इंजन की सरकार में उत्तराखंड तेजी से विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। केंद्र सरकार के सहयोग से प्रदेश में विकास योजनाओं को गति मिली है। खनन क्षेत्र में भी केंद्र से सहयोग मिला है।
धामी ने कहा कि सतत विकास लक्ष्यों (एसडीजी) के मामले में उत्तराखंड को देश में पहला स्थान मिला है। प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय राष्ट्रीय औसत से अधिक हो चुकी है। उत्तराखंड समान नागरिक संहिता लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना है। सरकार ने युवाओं के हित में सख्त नकल विरोधी कानून बनाया और 100 से अधिक नकल माफिया को जेल भेजा है। उन्होंने कहा कि इसके बावजूद विपक्ष कार्रवाई नहीं होने के आरोप लगाता है।
विपक्ष पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राजनीतिक स्वार्थ के लिए कुछ दल युवाओं को गुमराह कर रहे हैं। चुनाव में जब यही प्रक्रिया उनके पक्ष में होती है तो सही लगती है, लेकिन विपक्ष में आते ही उन्हें इसमें खामियां नजर आने लगती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी नेताओं को उत्तराखंड के मान-सम्मान की चिंता नहीं है। राज्य का नाम रोशन करने वाले लोगों का अपमान किया जाता है और सहयोगी दलों के नेता उत्तराखंड के लोगों को घुसपैठिया तक बताते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि की जनता विकास चाहती है और सरकार इसी दिशा में काम कर रही है। उन्होंने केंद्र सरकार के सहयोग से प्रदेश में चल रही योजनाओं और विकास कार्यों का उल्लेख किया। संबोधन के बाद उन्होंने अमित शाह को उत्तराखंड की पारंपरिक टोपी, गंगाजली और समुद्र मंथन का प्रतीक चिह्न भेंट किया।
1474 करोड़ की योजनाओं की सौगात
कार्यक्रम के दौरान गृह मंत्री अमित शाह ने 1474 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इन योजनाओं को प्रदेश के बुनियादी ढांचे और विकास कार्यों को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण बताया गया। गृह मंत्री का यह दौरा राज्य स्थापना दिवस समारोह के साथ-साथ भाजपा के आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से भी अहम रहा।
गौरतलब है कि अमित शाह के देहरादून दौरे के दूसरे प्रमुख कार्यक्रम में रिजर्व पुलिस लाइन, रेसकोर्स में उत्तराखंड पुलिस को प्रतिष्ठित राष्ट्रपति पुलिस कलर से अलंकृत किया जाना भी शामिल था। यह सम्मान पुलिस बल की सेवाओं और उपलब्धियों की राष्ट्रीय स्तर पर पहचान है।
नरेंद्र सिंह नेगी और हेमंत पांडेय को लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार
राज्योत्सव समारोह के समापन की ओर बढ़ते हुए प्रदेश की दो प्रमुख सांस्कृतिक और कला प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी और अभिनेता हेमंत पांडेय को लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार प्रदान किए गए। दोनों को अपने-अपने क्षेत्र में लंबे समय तक उल्लेखनीय योगदान देने के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के सांसद, मंत्री, जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं आमजन मौजूद रहे।
The post अमित शाह बोले-अटल ने बनाया, मोदी ने संवारा appeared first on Round The Watch.
What's Your Reaction?