देहरादून: वसंत विहार क्षेत्र में हुई तीन चोरी की घटनाओं का 24 घंटे में खुलासा, शातिर चोर गिरफ्तार

चोरी की ज्वेलरी, नकदी, लैपटॉप और मोबाइल बरामद; नशे की लत पूरी करने के लिए दुकानों को बनाया था निशाना

Nov 3, 2026 - 18:37
 119  1.5k
देहरादून: वसंत विहार क्षेत्र में हुई तीन चोरी की घटनाओं का 24 घंटे में खुलासा, शातिर चोर गिरफ्तार

चोरी की ज्वेलरी, नकदी, लैपटॉप और मोबाइल बरामद; नशे की लत पूरी करने के लिए दुकानों को बनाया था निशाना

देहरादून, 03 नवंबर। राजधानी देहरादून के वसंत विहार थाना क्षेत्र में हुई चोरी की तीन अलग-अलग घटनाओं का दून पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई ज्वेलरी, नकदी, लैपटॉप, मोबाइल फोन सहित अन्य सामान बरामद किया है।

एसएसपी देहरादून के निर्देश पर चोरी की घटनाओं के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गई थीं। पुलिस टीमों ने घटनास्थलों और आसपास के क्षेत्रों में लगे करीब 70 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर पूर्व में चोरी की घटनाओं में शामिल रहे संदिग्धों का सत्यापन किया गया।

पुलिस के अनुसार, 31 अक्टूबर की रात जीएमएस रोड स्थित तीन अलग-अलग दुकानों में अज्ञात चोरों ने ताले तोड़कर ज्वेलरी, नकदी और अन्य सामान चोरी कर लिया था। इस संबंध में अंकित सिंह, अंशुल पालीवाल और अश्वनी कुमार की शिकायत पर थाना वसंत विहार में तीन अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए थे।

पुलिस ने 02 नवंबर को मुखबिर की सूचना पर चेकिंग के दौरान मलिक चौक के पास से आरोपी सुमित उर्फ सत्यम उर्फ चीरवा (22 वर्ष), निवासी देहराखास, थाना पटेल नगर, देहरादून को चोरी के सामान सहित गिरफ्तार कर लिया।

नशे की लत पूरी करने के लिए की चोरी

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह नशे का आदी है और अपनी नशे की लत पूरी करने के लिए चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। उसने जीएमएस रोड स्थित अलग-अलग दुकानों के ताले तोड़कर ज्वेलरी, लैपटॉप, मोबाइल फोन और अन्य सामान चोरी किया था। आरोपी चोरी किए गए सामान को बेचने की फिराक में था, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी पूर्व में भी चोरी और अन्य आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है तथा कुछ दिन पहले ही जमानत पर बाहर आया था।

यह सामान हुआ बरामद

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक ब्लैक एसर लैपटॉप, वीवो कंपनी के दो मोबाइल फोन, सफेद धातु की एक जोड़ी पायल, एक सफेद धातु की चेन और 4,300 रुपये नकद बरामद किए हैं।

आरोपी का आपराधिक इतिहास

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध पटेल नगर, नेहरू कॉलोनी और वसंत विहार थानों में चोरी, नकबजनी, एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में कुल नौ मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस टीम में शामिल रहे

इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक सुनील नेगी (चौकी प्रभारी इंदिरानगर), अपर उपनिरीक्षक गंभीर सिंह राणा, हेड कांस्टेबल जितेंद्र कुमार, कांस्टेबल हेमवती नंदन, दीपक, विपिन, शार्दूल और नीरज शामिल रहे।

दून पुलिस की इस कार्रवाई से वसंत विहार क्षेत्र में हुई तीन चोरी की घटनाओं का खुलासा हुआ है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow