प्यार में धोखा, सगाई से नाराजगी और फिर हत्या की सुपारी…

Crime Desk, RTW: पटेलनगर के बड़ोवाला क्षेत्र में बैंककर्मी पर हुई फायरिंग के मामले में दून पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, बैंककर्मी की हत्या की साजिश उसकी पूर्व प्रेमिका ने रची थी। आरोप है कि प्रेम संबंध खत्म होने और युवक द्वारा दूसरी युवती से सगाई किए जाने से नाराज होकर उसने … The post प्यार में धोखा, सगाई से नाराजगी और फिर हत्या की सुपारी… appeared first on Round The Watch.

Sep 12, 2026 - 18:37
 127  2.2k
प्यार में धोखा, सगाई से नाराजगी और फिर हत्या की सुपारी…

Crime Desk, RTW: पटेलनगर के बड़ोवाला क्षेत्र में बैंककर्मी पर हुई फायरिंग के मामले में दून पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, बैंककर्मी की हत्या की साजिश उसकी पूर्व प्रेमिका ने रची थी। आरोप है कि प्रेम संबंध खत्म होने और युवक द्वारा दूसरी युवती से सगाई किए जाने से नाराज होकर उसने लक्सर के एक बदमाश को पांच लाख रुपये में हत्या की सुपारी दी थी। पुलिस ने इस मामले में कथित मुख्य साजिशकर्ता मालिया रहमान (26) और उसके साथी मोहित (25) को गिरफ्तार किया है। वहीं, बैंककर्मी पर गोली चलाने वाला आरोपी अंकित चौहान (25) पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में पैर में गोली लगने से घायल हुआ है। उसका साथी अंकुर अभी फरार है।

पांच साल के रिश्ते के बाद बढ़ी दूरी

पुलिस पूछताछ में मालिया ने बताया कि वर्ष 2020 से 2023 के बीच वह हरिद्वार स्थित उज्जीवन बैंक में काम करती थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात बिजनौर निवासी सत्यम कुमार से हुई। दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए। वर्ष 2023 में परिवार के दबाव में मालिया ने सहारनपुर निवासी युवक से निकाह कर लिया, लेकिन सत्यम से उसका संपर्क बना रहा। पुलिस के अनुसार, लगातार संपर्क में रहने के कारण मालिया की शादी टूट गई। बाद में सत्यम भी देहरादून स्थित बैंक शाखा में आ गया। दोनों के बीच करीब चार-पांच साल तक संपर्क रहा। लेकिन फरवरी 2026 में सत्यम ने किसी अन्य युवती से सगाई कर ली। इसके बाद उसने मालिया से दूरी बनानी शुरू कर दी और सोशल मीडिया पर भी उसे ब्लॉक कर दिया।

नाराजगी ने हत्या की साजिश का रूप लिया

पुलिस का दावा है कि सत्यम के इस व्यवहार से नाराज मालिया ने उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई। इसके लिए उसने अपने परिचित मोहित के माध्यम से लक्सर निवासी अंकित चौहान से संपर्क किया। आरोप है कि सत्यम की हत्या के बदले पांच लाख रुपये देने की बात तय हुई और 1.20 लाख रुपये एडवांस दिए गए। मालिया ने कथित तौर पर अंकित को सत्यम की फोटो उपलब्ध कराने के साथ देहरादून स्थित उसके बैंक कार्यालय की जानकारी भी दी।

बड़ोवाला में ओवरटेक कर मारी गोली

पुलिस के अनुसार, योजना के तहत 8 सितंबर को अंकित अपने साथी अंकुर के साथ देहरादून पहुंचा। बड़ोवाला क्षेत्र में दोनों ने सत्यम की स्कूटी को ओवरटेक किया और उस पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से सत्यम गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास लोगों के जमा होने पर दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के संबंध में सत्यम की बहन साक्षी चौहान की तहरीर पर पटेलनगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया था।

मुठभेड़ में शूटर के पैर में लगी गोली

घटना के खुलासे के लिए पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की तलाश शुरू की। 11 सितंबर को पुलिस को आरोपियों के दोबारा देहरादून आने की सूचना मिली।गोरखपुर चौक के पास पुलिस ने बिना नंबर की बाइक सवार संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार, बाइक सवारों ने भागते हुए चाय बागान की पगडंडी पर बाइक छोड़ दी और पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए जंगल की ओर भागने लगे। जवाबी कार्रवाई में अंकित चौहान के पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी अंकुर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। मौके से पुलिस ने 315 बोर का देसी तमंचा, दो खोखे और बिना नंबर की मोटरसाइकिल बरामद की।

शूटर से पूछताछ के बाद खुली पूरी साजिश

घायल अंकित से पूछताछ में मालिया और मोहित की भूमिका सामने आने के बाद पुलिस ने दोनों की तलाश शुरू की। इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और मुखबिर की सूचना के आधार पर दोनों को देर रात आईएसबीटी के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अब फरार आरोपी अंकुर की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

The post प्यार में धोखा, सगाई से नाराजगी और फिर हत्या की सुपारी… appeared first on Round The Watch.

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow