उर्मिला सनावर का आरोप, नार्को टेस्ट से रोकने के लिए 25 लाख और स्कॉर्पियो का दिया लालच

Rajkumar Dhiman, Dehradun: अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित VIP की भूमिका को लेकर जारी विवाद के बीच अभिनेत्री उर्मिला सनावर ने एक बार फिर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। नार्को टेस्ट को लेकर चल रही सुनवाई के लिए वह शुक्रवार को सीबीआई कोर्ट पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने मीडिया से भी बात की। उर्मिला का दावा … The post उर्मिला सनावर का आरोप, नार्को टेस्ट से रोकने के लिए 25 लाख और स्कॉर्पियो का दिया लालच appeared first on Round The Watch.

Nov 14, 2026 - 00:37
 105  1.4k
उर्मिला सनावर का आरोप, नार्को टेस्ट से रोकने के लिए 25 लाख और स्कॉर्पियो का दिया लालच

Rajkumar Dhiman, Dehradun: अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित VIP की भूमिका को लेकर जारी विवाद के बीच अभिनेत्री उर्मिला सनावर ने एक बार फिर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। नार्को टेस्ट को लेकर चल रही सुनवाई के लिए वह शुक्रवार को सीबीआई कोर्ट पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने मीडिया से भी बात की। उर्मिला का दावा है कि दर्शन भारती के मार्फत और DS रावत ने उन्हें 25 लाख रुपये और स्कॉर्पियो गाड़ी देने का प्रलोभन दिया था। इसके अलावा कहा गया कि सुरेश राठौड़ ने उन्हें जेल में करवाचौथ का सामान भी भिजवाया था।

इसके बदले उनसे 26 अक्टूबर को प्रस्तावित नार्को टेस्ट में शामिल नहीं होने को कहा गया था। उर्मिला ने आरोप लगाया कि उन्होंने नार्को टेस्ट में जाने और पुलिस के सामने बयान देने की बात कही तो उनके खिलाफ कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी गई। उनके मुताबिक, 26 तारीख से पहले उन्हें किसी भी तरह नार्को टेस्ट में शामिल होने से रोकने की कोशिश की गई। तभी सुनवाई से पूर्व ही उन्हें हरिद्वार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था।

नार्को टेस्ट से अंकिता और नीलम हत्याकांड के राज खुलने का दावा
उर्मिला ने भाजपा के भीतर तीन गुट होने की बात कहते हुए आरोप लगाया कि हरिद्वार से जुड़े कुछ नेता नहीं चाहते कि उनका नार्को टेस्ट हो। उनका दावा है कि यदि निष्पक्ष तरीके से नार्को टेस्ट कराया गया तो अंकिता भंडारी हत्याकांड के कथित VIP से जुड़े सवालों के साथ नीलम हत्याकांड के राज भी सामने आ सकते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि नीलम हत्याकांड में ऐसे लोग शामिल हैं, जो वर्तमान में बड़े पदों पर बैठे हैं। हालांकि, इन दावों के समर्थन में उन्होंने सार्वजनिक रूप से कोई ठोस साक्ष्य पेश नहीं किया है।

घर के CCTV कैमरे बंद कराने और DVR की हार्ड डिस्क गायब करने का आरोप
उर्मिला ने हरिद्वार पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि पुलिस की सात-आठ गाड़ियां उनके घर पहुंचीं और आसपास रेकी की गई। आरोप लगाया कि उनके घर और आसपास लगे CCTV कैमरे बंद करवाए गए। पुलिस के सामान वापस करने के बाद उन्होंने मोबाइल फोन रिसेट हालत में मिलने और DVR की हार्ड डिस्क गायब होने की बात कही। उर्मिला ने इसे सबूत मिटाने की कोशिश करार दिया।

बिना वारंट और FIR दिखाए ले जाने का आरोप
उर्मिला का आरोप है कि पुलिस उन्हें बिना वारंट और FIR दिखाए अपने साथ ले गई। उन्होंने बताया कि SOG कार्यालय में सादे कपड़ों में मौजूद एक व्यक्ति ने उनसे पूछा कि CBI ने उनसे क्या-क्या सवाल किए थे। बाद में उन्हें जानकारी दी गई कि वह SP सिटी हैं।

उन्होंने यह भी दावा किया कि उस समय उन्हें तेज बुखार था और अस्थमा की परेशानी भी थी, लेकिन इसके बावजूद इनहेलर और जरूरी दवाइयां तक नहीं लेने दी गईं। उनके मुताबिक, घर में मौजूद उनके पालतू कुत्तों को भी बाहर खुला छोड़ दिया गया। जेल से रिहा होने के बाद भी उर्मिला अपनी गिरफ्तारी को साजिश और अपहरण जैसा कदम बताती रही हैं। इस बार उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली पर तीखी टिप्पणी करते हुए पुलिस पर अपना ईमान बेचने तक का आरोप लगाया।

23 अक्टूबर को भी नार्को टेस्ट को लेकर किया था दावा
इससे पहले 23 अक्टूबर को कोर्ट पहुंचीं उर्मिला ने कहा था कि उनका नार्को टेस्ट सही तरीके से और लाइव कैमरों के सामने कराया जाए तो अंकिता भंडारी हत्याकांड से लेकर नीलम हत्याकांड तक कई राज खुल सकते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया था कि वह इस मामले में पीछे हटने वाली नहीं हैं।

उस दिन उर्मिला ने पूर्व विधायक सुरेश राठौर पर भी अपने नौकर की मौत को लेकर आरोप लगाए थे। देरी से कोर्ट पहुंचने के सवाल पर उन्होंने बताया था कि उन्हें 103 डिग्री बुखार था। उन्होंने सुरक्षा के सिलसिले में सहारनपुर के SSP, DIG और SP सिटी से मिलने की बात भी कही थी। साथ ही महिला सुरक्षा पर सवाल उठाए थे।

उर्मिला ने अपने घर में कथित डकैती का जिक्र करते हुए कहा था कि उन्होंने इस संबंध में दुष्यंत कुमार गौतम को फोन किया था। उन्होंने आरती गौड़ पर भी आरोप लगाए और दावा किया कि रेणु बिष्ट को फंसाया जा रहा है। हालांकि, उनका वीडियो इसी बयान के दौरान समाप्त हो गया था।

सुरेश राठौर बोले- CBI जांच में पूरा सहयोग करूंगा
दूसरी ओर, सुनवाई के लिए कोर्ट पहुंचे पूर्व भाजपा विधायक सुरेश राठौर ने कहा था कि वह किसी भी तरह की जांच में CBI का पूरा सहयोग करेंगे। उन्होंने नार्को टेस्ट के लिए भी तैयार होने की बात कही थी। राठौर ने कहा था कि उन पर किसी का दबाव नहीं है।

2022 में हुई थी अंकिता भंडारी की हत्या
पौड़ी जिले के वनंत्रा रिजॉर्ट में 18 सितंबर 2022 को 19 वर्षीय अंकिता भंडारी की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में रिजॉर्ट संचालक पुलकित आर्य और उसके दो कर्मचारियों को दोषी ठहराया गया था। अदालत ने तीनों को उम्रकैद की सजा सुनाई। जांच और मुकदमे के दौरान कथित VIP को अतिरिक्त सुविधाएं देने की बात सामने आई थी, जिसके बाद इस व्यक्ति की पहचान को लेकर सवाल उठते रहे।

दिसंबर 2025 में पूर्व भाजपा विधायक सुरेश राठौर और अभिनेत्री उर्मिला सनावर के बीच बातचीत के कथित ऑडियो-वीडियो वायरल हुए। इनसे जुड़े दावों में अंकिता हत्याकांड के कथित VIP के तौर पर उत्तराखंड भाजपा के पूर्व प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम और पार्टी के पूर्व महामंत्री संगठन अजय कुमार के नाम लिए गए। इसके बाद अंकिता के पिता ने मामले की जांच की मांग उठाई।

दुष्यंत कुमार गौतम ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को खारिज करते हुए इसे उनकी छवि खराब करने की साजिश बताया। जनवरी 2026 में उन्होंने सुरेश राठौर और उर्मिला सनावर के खिलाफ देहरादून के डालनवाला थाने में FIR दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि उनके खिलाफ भ्रामक ऑडियो-वीडियो तैयार कर प्रसारित किए गए। इसी महीने दिल्ली हाईकोर्ट ने गौतम की मानहानि याचिका पर अंतरिम राहत देते हुए कांग्रेस, आम आदमी पार्टी और अन्य सोशल मीडिया हैंडल्स को संबंधित आपत्तिजनक सामग्री हटाने के निर्देश दिए थे।

उर्मिला के ताजा आरोपों के बाद एक बार फिर अंकिता हत्याकांड के कथित VIP, नार्को टेस्ट और पुलिस की कार्रवाई को लेकर बहस तेज हो गई है। हालांकि, 25 लाख रुपये और स्कॉर्पियो के कथित प्रलोभन, CCTV-DVR से छेड़छाड़ और पुलिस की कार्रवाई को लेकर संबंधित पक्षों का आधिकारिक बयान सामने आना बाकी है।

The post उर्मिला सनावर का आरोप, नार्को टेस्ट से रोकने के लिए 25 लाख और स्कॉर्पियो का दिया लालच appeared first on Round The Watch.

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow