प्रवासी उत्तराखण्डियों के अनुभव और सामर्थ्य से प्रदेश के विकास को मिलेगी नई गति : मुख्यमंत्री
तीसरे प्रवासी उत्तराखण्डी सम्मेलन में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया प्रवासियों का स्वागत, 30 प्रवासियों को अपने पैतृक गांवों
तीसरे प्रवासी उत्तराखण्डी सम्मेलन में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया प्रवासियों का स्वागत, 30 प्रवासियों को अपने पैतृक गांवों के विकास में योगदान देने पर सराहा
देहरादून, 13 नवंबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को दून विश्वविद्यालय, केदारपुरम में आयोजित तृतीय प्रवासी उत्तराखण्डी सम्मेलन में देशभर से पहुंचे प्रवासी उत्तराखण्डियों का स्वागत करते हुए कहा कि प्रवासी उत्तराखण्डी राज्य की अमूल्य निधि हैं। उनके अनुभव, ज्ञान, प्रतिभा और सामर्थ्य का लाभ प्रदेश के विकास को नई गति दे सकता है। उन्होंने प्रवासियों से अपनी संस्कृति, परंपराओं और पैतृक जड़ों से जुड़े रहने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सम्मेलन में ऐसा महसूस हो रहा है, जैसे एक ही परिवार के सदस्य लंबे समय बाद अपने घर लौटकर एक साथ एकत्र हुए हों। देश के अलग-अलग हिस्सों में रहने के बावजूद उत्तराखण्डियों का अपनी मातृभूमि से भावनात्मक जुड़ाव बना हुआ है। उन्होंने अपने पैतृक गांवों को गोद लेकर उनके विकास में योगदान देने की पहल करने वाले 30 प्रवासी उत्तराखण्डियों का विशेष आभार व्यक्त किया।
पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को मिली सरकारी नौकरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड ने पिछले वर्षों में विकास के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। राज्य में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ रोजगार, स्वरोजगार, पर्यटन, कृषि, बागवानी और औद्योगिक विकास को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड देश का पहला राज्य बना है, जहां समान नागरिक संहिता लागू की गई है। सख्त नकल विरोधी कानून के माध्यम से भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित की गई है। पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं, जबकि 13 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया है।
प्रदेश में 3.5 लाख महिलाएं बनीं लखपति दीदी
उन्होंने कहा कि महिला सशक्तीकरण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए सरकार विशेष प्रयास कर रही है। प्रदेश में 3.5 लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। सरकार अतिथि शिक्षकों, आंगनबाड़ी एवं आशा कार्यकत्रियों तथा भोजन माताओं के मानदेय में भी जल्द वृद्धि करेगी।
हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड से छह करोड़ रुपये से अधिक की बिक्री
मुख्यमंत्री ने कृषि एवं बागवानी के क्षेत्र में एप्पल मिशन, कीवी मिशन और तिमुर मिशन जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए शुरू किए गए हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड के माध्यम से छह करोड़ रुपये से अधिक की बिक्री हो चुकी है। इससे किसानों, महिला स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय उद्यमियों को नए अवसर मिल रहे हैं।
सौंग, जमरानी और लखवाड़ बांध परियोजनाओं पर आगे बढ़ रहा काम
उन्होंने कहा कि प्रदेश में सड़क, रेल और हवाई संपर्क सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। देहरादून और आसपास के क्षेत्रों की आगामी 50 वर्षों की पेयजल जरूरतों को पूरा करने के उद्देश्य से सौंग बांध परियोजना पर कार्य किया जा रहा है। इसके अलावा जमरानी और लखवाड़ बांध परियोजनाओं पर भी काम आगे बढ़ रहा है, जबकि किशाऊ बांध परियोजना के लिए समझौता ज्ञापन किया जा चुका है।
एम्स सैटेलाइट सेंटर और हेलीपोर्ट निर्माण से बढ़ेगा संपर्क
मुख्यमंत्री ने किच्छा में एम्स के सैटेलाइट सेंटर की स्थापना, पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तार और प्रदेश में हेलीपोर्ट निर्माण की दिशा में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बेहतर हवाई संपर्क से पर्यटन, तीर्थाटन और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा तथा दूरस्थ क्षेत्रों में आवागमन आसान होगा।
विकास के लिए समाज के हर वर्ग की भागीदारी जरूरी : धामी
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड के समग्र और संतुलित विकास के लिए सरकार के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी जरूरी है। सरकार योजनाएं बना सकती है और उनका प्रभावी क्रियान्वयन कर सकती है, लेकिन विकास की व्यापकता और समृद्धि सामूहिक प्रयासों से ही संभव है। उन्होंने प्रवासी उत्तराखण्डियों से शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, बागवानी, पर्यटन, उद्यमिता और स्वरोजगार के क्षेत्रों में अपने अनुभव एवं विशेषज्ञता का योगदान देने की अपील की।
लिपुलेख तक सड़क संपर्क विकसित होना बड़ी उपलब्धि : कोश्यारी
इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी ने कहा कि राज्य गठन के समय दूरस्थ गांवों तक पहुंचने के लिए पैदल चलना पड़ता था, जबकि आज सड़क सुविधाओं का विस्तार हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों से लिपुलेख तक सड़क संपर्क विकसित हुआ है, जिससे श्रद्धालुओं को भारतीय भूमि से कैलाश पर्वत के दर्शन करने का अवसर मिल रहा है।
प्रवासी उत्तराखण्डी प्रदेश के ब्रांड एंबेसडर : मुख्य सचिव
मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने कहा कि प्रवासी उत्तराखण्डी प्रदेश के ब्रांड एंबेसडर हैं। उनके तकनीकी ज्ञान, अनुभव, उद्यमशीलता और निवेश से विकसित उत्तराखण्ड के संकल्प को गति मिलेगी। उन्होंने बताया कि प्रवासियों से संवाद और उनकी सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए अक्टूबर 2022 में प्रवासी उत्तराखण्ड प्रकोष्ठ तथा अप्रैल 2025 में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में प्रवासी उत्तराखण्ड परिषद का गठन किया गया है। प्रवासियों के पंजीकरण और सूचनाओं के आदान-प्रदान के लिए वेबसाइट भी विकसित की गई है।
सम्मेलन में कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी, दिल्ली विधानसभा के उपाध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट, विधायक किशोर उपाध्याय, प्रसार भारती के अध्यक्ष प्रसून जोशी, भारत सरकार के सचिव सुधांश पंत, अभिनेत्री हिमानी शिवपुरी, अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी चित्रांशी रावत, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?