प्यार में धोखा बना हत्या की साजिश की वजह, प्रेमिका ने 5 लाख में दी प्रेमी को मारने की सुपारी
बैंककर्मी पर फायरिंग के मामले में पूर्व प्रेमिका समेत तीन गिरफ्तार, मुठभेड़ में शूटर घायल; एक आरोपी फरार देहरादून, 12
बैंककर्मी पर फायरिंग के मामले में पूर्व प्रेमिका समेत तीन गिरफ्तार, मुठभेड़ में शूटर घायल; एक आरोपी फरार
देहरादून, 12 सितंबर 2026। पटेलनगर क्षेत्र के बड़ोवाला में बैंककर्मी पर हुई फायरिंग की घटना का देहरादून पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के मुताबिक, बैंककर्मी की पूर्व प्रेमिका ही हत्या की साजिश की मुख्य सूत्रधार निकली। प्रेमी द्वारा किसी अन्य युवती से सगाई करने और बाद में बातचीत बंद कर देने से नाराज पूर्व प्रेमिका ने कथित तौर पर उसकी हत्या के लिए 5 लाख रुपये की सुपारी दी थी।
एसएसपी देहरादून के निर्देश पर हुई कार्रवाई में पुलिस ने मुख्य अभियुक्ता, उसके साथी और फायरिंग करने वाले शूटर को गिरफ्तार किया है। शूटर पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में पैर में गोली लगने से घायल हुआ। घटना में शामिल एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
स्कूटी रोककर बैंककर्मी पर की थी फायरिंग
पुलिस के अनुसार, 8 सितंबर 2026 को साक्षी चौहान अपने फुफेरे भाई सत्यम कुमार के साथ स्कूटी से वी-मार्ट मंडी चौक से बड़ोवाला स्थित घर जा रही थीं। जीओ पेट्रोल पंप से करीब 200 मीटर आगे बाइक सवार दो युवकों ने उनकी स्कूटी के आगे बाइक रोक दी और सत्यम को जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी।
गोली लगने से सत्यम गंभीर रूप से घायल हो गया। मामले में पटेलनगर कोतवाली में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
सीसीटीवी और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस से मिला सुराग
घटना के खुलासे के लिए पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के जरिए आरोपियों की तलाश शुरू की।
11 सितंबर को पुलिस को सूचना मिली कि घटना में शामिल दोनों आरोपी दोबारा देहरादून पहुंचे हैं। पुलिस ने पटेलनगर क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया। गोरखपुर चौक के पास बिना नंबर की बाइक पर सवार दो संदिग्ध पुलिस को देखकर भागने लगे।
पुलिस के पीछा करने पर दोनों चाय बागान की पगडंडी पर बाइक छोड़कर जंगल की ओर भागे और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरा आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
घायल बदमाश की पहचान अंकित चौहान (25) निवासी लक्सर, हरिद्वार के रूप में हुई। मौके से पुलिस ने एक देसी तमंचा, दो खोखा कारतूस और बिना नंबर की मोटरसाइकिल बरामद की।
पूछताछ में सामने आई सुपारी की कहानी
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में अंकित ने बताया कि उसे रानीपुर निवासी उसके परिचित मोहित के माध्यम से मालिया रहमान नाम की युवती से संपर्क कराया गया था। मालिया के कहने पर उसने अपने साथी अंकुर के साथ बड़ोवाला में बैंककर्मी सत्यम पर फायरिंग की।
पुलिस का दावा है कि मालिया ने सत्यम की हत्या के लिए 5 लाख रुपये देने का सौदा किया था और 1.20 लाख रुपये एडवांस दिए थे। बाकी रकम हत्या के बाद देने की बात कही गई थी। मालिया ने कथित तौर पर अंकित को सत्यम की फोटो और देहरादून स्थित उसके बैंक कार्यालय की जानकारी भी दी थी।
पांच साल के प्रेम संबंध के बाद टूट गया रिश्ता
पुलिस के अनुसार, मालिया वर्ष 2020 से 2023 तक हरिद्वार के उज्जीवन बैंक में कार्यरत थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात सत्यम से हुई और दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गया।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि वर्ष 2023 में मालिया ने परिवार के दबाव में दूसरी जगह निकाह किया, लेकिन सत्यम से उसका संपर्क बना रहा। बाद में उसका विवाह टूट गया।
वर्ष 2025 में सत्यम देहरादून की उज्जीवन बैंक शाखा में आ गया। पुलिस के अनुसार, मालिया का दावा है कि सत्यम लंबे समय तक उसे शादी का भरोसा देता रहा, लेकिन फरवरी 2026 में उसने किसी दूसरी युवती से सगाई कर ली। इसके बाद सत्यम ने उससे दूरी बनानी शुरू कर दी और सोशल मीडिया पर भी उसे ब्लॉक कर दिया।
पुलिस का कहना है कि इसी बात से नाराज होकर मालिया ने सत्यम को रास्ते से हटाने की कथित साजिश रची।
आईएसबीटी के पास से मुख्य अभियुक्ता और साथी गिरफ्तार
शूटर अंकित से पूछताछ के बाद पुलिस ने मुख्य अभियुक्ता मालिया रहमान और उसके साथी मोहित की तलाश शुरू की। इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और मुखबिर तंत्र से मिली जानकारी के आधार पर दोनों को देर रात आईएसबीटी के पास से गिरफ्तार कर लिया गया।
घटना में शामिल आरोपी अंकुर अभी फरार है। पुलिस उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
गिरफ्तार आरोपी
मालिया रहमान (26) पुत्री अब्दुल रहमान, पावदोई मोहल्ला, ज्वालापुर, हरिद्वार।
मोहित (25) पुत्र भरत भूषण, पुष्कर एन्क्लेव, निकट रामानंद स्कूल, ज्वालापुर, हरिद्वार।
मुठभेड़ में घायल:
अंकित चौहान (25), निवासी सोसायटी रोड, लक्सर, केशव नगर, हरिद्वार।
वांछित:
अंकुर पुत्र ब्रह्मपाल, निवासी लोको मोहल्ला, पीर वाली गली, लक्सर, हरिद्वार।
बरामदगी
एक देसी तमंचा .315 बोर
दो खोखा कारतूस
घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल
पुलिस ने बताया कि घायल आरोपी अंकित के खिलाफ लक्सर में चोरी, आर्म्स एक्ट समेत पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। मामले के खुलासे में पटेलनगर पुलिस और एसओजी नगर की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की।
What's Your Reaction?