अंतरराष्ट्रीय शोध पत्रिका ‘क्रिएटिव राइटिंग एंड क्रिटिसिज्म’ का नया अंक प्रकाशित, दिवंगत शिक्षाविद् डॉ. सुरेश नाथ को किया समर्पित

कोटद्वार की डॉ. वर्षा सिंह सहित देश के प्रतिष्ठित शिक्षाविदों के संपादन में प्रकाशित हुआ शोध पत्रिका का नया अंक,

Nov 3, 2026 - 00:37
 136  3.8k
अंतरराष्ट्रीय शोध पत्रिका ‘क्रिएटिव राइटिंग एंड क्रिटिसिज्म’ का नया अंक प्रकाशित, दिवंगत शिक्षाविद् डॉ. सुरेश नाथ को किया समर्पित

कोटद्वार की डॉ. वर्षा सिंह सहित देश के प्रतिष्ठित शिक्षाविदों के संपादन में प्रकाशित हुआ शोध पत्रिका का नया अंक, साहित्य और शिक्षा जगत में योगदान को किया याद

कोटद्वार। अंग्रेजी भाषा एवं साहित्य के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठित छमाही शोध पत्रिका ‘क्रिएटिव राइटिंग एंड क्रिटिसिज्म’ (ISSN 0975-2390) का नया अंक प्रकाशित हो गया है। शोधपरक लेखों और रचनात्मक साहित्यिक सामग्री से समृद्ध इस अंतरराष्ट्रीय जर्नल का संपादन देश के प्रतिष्ठित शिक्षाविदों एवं साहित्यकारों के संपादकीय मंडल द्वारा किया गया है।

पत्रिका के संपादक मंडल में डॉ. वर्षा सिंह (अंग्रेजी विभाग, पी.डी.बी.एच. राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कोटद्वार), डॉ. प्रदीप तालान (अंग्रेजी विभाग, गुलाब सिंह हिंदू पीजी कॉलेज, बिजनौर), डॉ. कल्पना राजपूत (अंग्रेजी विभाग, ज्योति विद्यापीठ महिला विश्वविद्यालय, जयपुर), डॉ. वीरेंद्र कुमार मिश्रा (अंग्रेजी विभाग, मिलत कॉलेज, लहरियासराय, दरभंगा) तथा डॉ. सुनील कुमार झा (अंग्रेजी विभाग, वनस्थली विद्यापीठ) शामिल हैं।

दिवंगत शिक्षाविद् डॉ. सुरेश नाथ को समर्पित विशेष अंक

पत्रिका का यह नया अंक अंग्रेजी साहित्य के प्रतिष्ठित विद्वान, प्रख्यात शिक्षाविद् एवं जे.एस. (पीजी) कॉलेज, सिकंदराबाद के पूर्व प्राचार्य दिवंगत डॉ. सुरेश नाथ की स्मृति और उनकी समृद्ध शैक्षणिक विरासत को समर्पित किया गया है।

चार दशकों से अधिक लंबे शिक्षण करियर में डॉ. सुरेश नाथ ने शिक्षा, साहित्य और शोध के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया। उन्होंने अनेक पीएचडी शोधार्थियों एवं यूजीसी टीचिंग फेलोज का मार्गदर्शन किया। इसके साथ ही विश्वविद्यालय की विभिन्न महत्वपूर्ण समितियों में सदस्य के रूप में पाठ्यक्रम निर्माण और शैक्षणिक नीतियों के निर्धारण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

एक कुशल शिक्षाविद् होने के साथ-साथ डॉ. नाथ प्रख्यात कवि और साहित्यिक समीक्षक भी थे। उनकी चर्चित कृतियों में ‘डी.एच. लॉरेंस: द ड्रामेटिस्ट’ तथा कविता संग्रह ‘बबलिंग लाइफ, बट…’, ‘बिट्रेयल’ और ‘व्हाट कैन वी डू’ शामिल हैं। विश्व कविता के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए इंटरनेशनल पोएट्स एकेडमी द्वारा उन्हें ‘लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड’ से सम्मानित किया गया था। वे एक समर्पित एनसीसी अधिकारी भी रहे।

वर्ष 2020 में उनके निधन के बाद भी उनकी साहित्यिक और अकादमिक विरासत नई पीढ़ी के शोधार्थियों एवं साहित्य प्रेमियों को प्रेरित कर रही है। संपादक मंडल ने पत्रिका के इस अंक को उनके योगदान के प्रति सम्मान और श्रद्धांजलि का प्रतीक बताया है।

विमोचन कार्यक्रम में शिक्षाविदों ने दी शुभकामनाएं

पत्रिका के नए अंक के विमोचन अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डी.एस. नेगी, प्रो. ज्योति खरे, डॉ. निशांत भट्ट, डॉ. रजनी बाला, डॉ. ऐश्वर्या राणा सहित महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकों ने डॉ. वर्षा सिंह को इस महत्वपूर्ण साहित्यिक एवं शोधपरक उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

इस प्रकाशन को अंग्रेजी साहित्य, शोध और अकादमिक जगत के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow